00 चंदौली के रघुनाथ सिंह बालिका इंटर कॉलेज में हुई पुलिस की पाठशाला
चंदौली के रघुनाथ सिंह बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित पुलिस की पाठशाला में मौजूद छात्राएं
  Start Date: 19 Dec 2018
  End Date: 19 Dec 2018
  Location: चंदौली

अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से ‘अपराजिता : 100 मिलियन स्माइल्स’ के तहत बुधवार, 19 दिसम्बर, 2018 को चंदौली के सदर ब्लाक के पखनपुरा स्थित चौधरी रघुनाथ सिंह बालिका इंटर कॉलेज में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गयाl पाठशाला में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने छात्राओं-शिक्षिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि तेजी से बदलते सामाजिक परिवेश में महिलाओं के लिए चुनौतियां बहुत हैं। इसका सामना तभी कर पाएंगी जब वह शिक्षित और आत्मनिर्भर बनेंगी। इसके लिए उन्हें आगे बढ़कर काम करना होगा। तभी एक बेहतर एवं सुरक्षित माहौल का सृजन होगा। इसकी जिम्मेदारी बेटियों के कंधों पर है। उन्हें सहने और डरने की प्रवृत्ति से बाहर निकलकर चुप्पी तोड़नी होगी।

एसपी ने सामाजिक और पारिवारिक ताने-बाने के माध्यम से छात्राओं से अपील की कि वे घर से महिलाओं का सम्मान करना सीखें। एक दूसरे के प्रति नजरियां बदलें, खुद के साथ जो व्यवहार और आचरण की अपेक्षा करती हैं, उसे दूसरे के साथ करें। कहा शिक्षित हो आर्थिक रूप से मजबूत हों, आप समाज की दिशा और दशा में क्रांतिकारी परिवर्तन ला सकती हैं। इसके अलावा उन्होंने प्रदेश सरकार और पुलिस विभाग की ओर से महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबर 1090, यूपी -100, 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के प्रबंधक शिवाजी सिंह ने कहा कि महिला सुरक्षा के क्षेत्र में अपराजिता के तहत पुलिस की पाठशाला एक बेहतरीन कदम है। इससे न सिर्फ जागरूकता आएगी बल्कि महिलाएं सशक्त बनेंगी। प्रधानाचार्य सुजाता सिंह ने स्मृति चिह्न देकर मुख्य अतिथि एसपी संतोष कुमार सिंह को सम्मानित किया। इससे पहले मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप जला किया। संचालन पीयूष पाठक ने किया।

छात्राओं के सवाल, एसपी के जवाब

छात्रा दीप्ति मिश्रा ने पूछा कि दहेज प्रथा समाज की बड़ी समस्या है, इससे महिलाओं की असुरक्षा बढ़ी है। एसपी संतोष कुमार सिंह ने कहा कि यह भारतीय समाज की बड़ी समस्या है। लड़की के पिता को बुराई लगती है और लड़के का पिता दहेज को अधिकार समझता है। ऐसे में आप बेटियों को जागरूक होने की जरूरत है। तभी इससे निजात मिल सकेगी।

काजमीन बानो ने कहा कि विशुनपुरा चौराहे पर आटो का इंतजार करते समय लड़के कमेंट करते हैं और परेशान करते हैं। एसपी ने कहा कि सूचना दें 10-15 मिनट में पुलिस पहुंचेगी। इसी के साथ उन्होंने शहाबगंज थानाध्यक्ष को पिकेट ड्यूटी और डायल-100 को च्रक्रमण करने का निर्देश दिया।

अनीता यादव ने पूछा कि शिक्षित होने के बाद भी दहेज की मांग की जा रही है। इस पर एसपी ने कहा कि शिक्षित होकर स्वावलंबी बनें, आर्थिक रूप से मजबूती इस सामाजिक अभिशाप से बाहर का रास्ता दिखाएगी।

बबिता का सवाल था कि लड़कियों के साथ भेदभाव किया जाता है। लड़कों का पढ़ाया जाता है ऐसे में बेटियां कैसे सशक्त होंगी। एसपी ने निराश होने की जरूरत नहीं है। आपका आत्मबल और धैर्य, एकाग्रता और समर्पण बेहतर रास्ता दिखाएगा। संकल्प लेकर आगे बढ़ें।

Share:

Related Articles:

0