00 शिकायत पर 10 मिनट में पुलिस आपके पास होगी
नोएडा के सेक्टर-26 में आयोजित पुलिस की चौपाल में स्थानीय लोगों के साथ एसपी सिटी सुधा सिंह
  Start Date: 27 Apr 2019
  End Date: 27 Apr 2019
  Location: नोएडा

अमर उजाला फाउंडेशन व आर.डब्ल्यू.एंड सी.एस. के सहयोग से शनिवार, 27 अप्रैल, 2019 को नोएडा के सेक्टर-26 में पुलिस की चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था से लेकर महिलाओं, बुजुर्ग नागरिकों की समस्याओं का निस्तारण किया गया। पुलिस की चौपाल में एसपी सिटी सुधा सिंह व कोतवाली सेक्टर-20 के प्रभारी निरीक्षक राजवीर सिंह चौहान ने सेक्टर वासियों की समस्याएं सुनीं और पुलिसिंग में आ रहे बदलाव के बारे में बताया।

करीब एक घंटे तक चले इस कार्यक्रम में यूपी डायल-100, वूमेन पॉवर लाइन- 1090, साइबर क्राइम, एनपीयू (नोएडा पेट्रोल यूनिट), थाने व चौकी स्तर पर होने वाली कार्रवाई के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में सेक्टर-26 के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष गोविंद शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओपी शर्मा, महासचिव संजय गौड़ ने एसपी सिटी व थानाध्यक्ष का स्वागत किया। इस मौके पर एसपी सिटी सुधा सिंह ने कहा कि सुरक्षा के लिए आम लोग सतर्क रहें।

सतर्कता बरतने से असुरक्षा खुद कम हो जाती है। इसके बाद अगर कोई भी परेशानी हो, डर लगे, समस्या हो तो तुरंत 100 नंबर पर कॉल करें। यूपी 100 बेहतरीन व्यवस्था है। इस पर शिकायत आते ही 10 मिनट में पुलिस आपके पास होगी। एसपी सिटी ने सेक्टर की सुरक्षा के लिए कहा कि सेक्टर के अंदर हर आने जाने वाले लोगों का सत्यापन हो। इसमें गेट पर तैनात गार्डों को प्रशिक्षित कर इसका बेहतरीन व्यवस्था बनाने की जरूरत है। सेक्टर के गेट पर कैमरे तो लगे होते हैं, लेकिन उनका फोकस ठीक नहीं होता। इस कारण कई बार सीसीटीवी कैमरे होने के बाद भी बदमाश या संदिग्ध वाहन की पहचान नहीं होती है। पुलिस अधिकारियों के सीयूजी नंबर सभी लोग रखें।

सेक्टर के गेट पर इसे चस्पा करें, ताकि कोई समस्या होने या निचले स्तर पर लापरवाही होने पर इसे ठीक किया जा सके। एसपी सिटी ने साइबर क्राइम के बारे में लोगों को आगाह करते हुए कहा कि शहर में सबसे बड़ी समस्या साइबर क्राइम है। आने वाले दिनों में यह और विकराल होगा। इस कारण किसी को पिन नंबर, बैंक डिटेल नहीं बताएं। वहीं, फोन पर आने वाले किसी लिंक को ओपन न करें। चौपाल में सेक्टर वासी विनीता ने ऑनलाइन चालान सॉफ्टवेयर में दिक्कत, अरुण शर्मा ने एटीएम से पैसे निकाले जाने, जेपी ढौंढियाल ने पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग एसपी सिटी से की।

पुलिस की चौपाल में सबसे अधिक शिकायतें जयपुरिया प्लाजा में शाम के वक्त अवांछित तत्वों द्वारा गलत हरकत करने की गई। निवासियों ने कहा कि यहां काफी संख्या में इधर-उधर से लोग आते हैं और शराब पीते हैं। प्लाजा के पीछे साइड शाम को बत्ती बुझा दी जाती है और वहां लोग नशा करते हैं। इसके अलावा सेक्टर में अवैध हथियार लेकर चलने की शिकायतें हुईं।

शहर में रात में वाहन चालक अलग तरह की बीम लाइट का इस्तेमाल करते हैं। इससे सामने चला रहे शख्स को काफी परेशानी होती है। इससे सड़क हादसे की आशंका बनी रहती है। -शर्मिला

सेक्टर में अतिक्रमण की बड़ी समस्या है। मुख्य मार्ग के अलावा भी सेक्टर के अंदर की सड़कों पर सुबह शाम नहीं चल सकते हैं। इसे ठीक करने की जरूरत है। -मनोज कटारिया

सेक्टर के अंदर गश्त बढ़ाने की जरूरत है। सुबह व शाम को अगर गश्त अच्छे से हो तो कानून व्यवस्था में सुधार हो सकता है। -संगम ओझा

सेक्टर के मार्केट में महिला सुरक्षा की बड़ी समस्या है। खासकर शाम होते ही अवांछित तत्व मार्केट के आसपास मंडराते रहते हैं। इसे ठीक करने की जरूरत है। -सुनीता खटाना

सेक्टर की सुरक्षा को और भी अच्छा किया जाएगा। गश्त बढ़ाई जाएंगी। साथ ही, जयपुरिया प्लाजा से लेकर अन्य मार्केट में होने वाली सुरक्षा संबंधी दिक्कतों को अविलंब दुरुस्त किया जाएगा। -सुधा सिंह, एसपी सिटी

Share:

Related Articles:

0