00 पुलिस से डरें नहीं, निर्भीक हो कहें अपनी बात
महराजगंज के माडर्न एकेडमी सीनियर सेकेंड्री स्कूल में आयोजित पुलिस की पाठशाला को संबोधित करते नौतनवां क्षेत्राधिकारी राजू कुमार साव
  Start Date: 12 Jul 2019
  End Date: 12 Jul 2019
  Location: महराजगंज

अमर उजाला फाउंडेशन के अभियान अपराजिता के तहत शुक्रवार, 12 जुलाई, 2019 को महराजगंज के नौतनवां कस्बे के माडर्न एकेडमी सीनियर सेकेंड्री स्कूल में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। पाठशाला में नौतनवां क्षेत्राधिकारी राजू कुमार साव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि अच्छा इंसान बनें और देश के विकास में सहयोग दें। हमारा देश और समाज तभी सशक्त बनेगा, जब यहां की महिलाएं शिक्षित, सेहतमंद और सशक्त होंगी।

छात्राएं व महिलाएं खुद को अकेला महसूस न करें। हेल्प लाइन नंबर 1090 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। इसमें उनकी पहचान उजागर नहीं की जाती है। यूपी डॉयल- 100 की सेवा भी लोगों की मदद के लिए बेहतर विकल्प है। पुलिस से डरने या बचने की बजाए सूचना देने में मददगार बनें। ताकि पुलिस बेहतर तरीके से अपना कार्य कर सके। उन्होंने कहा कि पुलिस समाज का अभिन्न अंग है। जहां लोग खुद कानून का पालन नहीं करते, वहां पुलिस की जरूरत पड़ती है। उन्होंने कहा कि दुपहिया वाहन पर घर से निकलें तो हेलमेट जरूर पहनें और कार से निकलें तो सीट-बेल्ट का प्रयोग जरूर करें। उन्होंने आह्वान किया कि 18 साल से कम आयु वर्ग के बच्चे वाहन न चलाएं।

सीओ ने छात्राओं को हमेशा आगे बढऩे का संदेश देते हुए कहा कि जीवन का एक लक्ष्य तय करके उसी को पाने के लिए मेहनत करें। सीओ ने छात्राओं के सवालों के जवाब देते हुए उन्हें 1098 वूमेन हेल्पलाइन व डॉयल 100 के बारे में बताया। एसएसबी की 66वीं बटालियन के इंस्पेक्टर रघुनाथ ने कहा कि हेल्पलाइन की मदद से आप अपनी शिकायतें दर्ज करा सकती हैं। इन नंबरों पर शिकायत दर्ज कराने पर पहचान भी गोपनीय रहती है। छात्राओं से कहा कि 100 मिलियन स्माइल्स का मतलब हर चेहरे पर खुशी है। यह खुशी आप सभी के सहयोग से ही संभव है। इंस्पेक्टर नौतनवां बिहागड़ सिंह यादव ने कहा कि पुलिस को मित्र की तरह समझें और मदद लें। यही नहीं, पुलिस की समय-समय पर मदद भी करें। उन्होंने कहा समाज में अनुशासन और लोगों के जीवन को आसान बनाने के लिए ही कानून बनाए गए हैं। 

उप प्रधानाचार्य देश दीपक पांडेय ने सभी अतिथियों के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ जीवन में अनुशासन और कानून के पालन से व्यक्ति आगे बढ़ता है और समाज में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने नारी गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ दिलाई। इस दौरान भालेंदु शुक्ला, रविनाथ त्रिपाठी, कमेश मणि, सन्नी सिंह, टीपी मिश्रा, कपिलदेव चौरसिया, रविंद्र सिंह, रामेश्वर दयाल, कंचन, सुनीता, कनक, अर्चना, नेहा आदि मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन रवि प्रताप सिंह ने किया।

पाठशाला में बेहतर जानकारी मिली

पुलिस की पाठशाला में बेहतर जानकारी मिली। मन की झिझक दूर हुई। अब डर नहीं लगेगा। सुरक्षा संबंधी जानकारी बेहतर ढंग से दी गई। हेल्पलाइन नंबर के बारें में बताया गयाl - तमन्ना खान, 12वीं कक्षा

हेल्पलाइन नंबर के बारे में जानकारी मिली। साथ ही नंबर के माध्यम से सेवा कैसे मिलती है। इसके बारें में विस्तार से बताया गया। यह अच्छा लगा।- शबनम खातून, 12वीं कक्षा 

सुरक्षा को लेकर मिली जानकारी भविष्य में काम आएगी। इससे काफी लाभ मिलेगा। ऐसे पाठशाला का आयोजन होते रहने की जरूरत है। - हरप्रीत कौर, 12वीं कक्षा 

पुलिस की पाठशाला से काफी जानकारी और आत्मबल मिला है। सुरक्षा को लेकर किए सवालों का बेहतर जवाब मिला। इससे भविष्य में काफी लाभ मिलेगा।- साक्षी, 11वीं कक्षा

Share:

Related Articles:

0