00 लड़का-लड़की में भेदभाव करना कानूनन अपराध
गाजीपुर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित पुलिस की पाठशाला को संबोधित करते पुलिस अधीक्षक चंद्र प्रकाश शुक्ला
  Start Date: 26 Nov 2018
  End Date: 26 Nov 2018
  Location: गाजीपुर

अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से सोमवार, 26 नवम्बर, 2018 को गाजीपुर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परिसर में नारी सशक्तिकरण के उद्देश्य से चल रहे अभियान ‘अपराजिता 100 मिलियंस स्माइल’ के तहत पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। इसमें महिला सुरक्षा, साइबर क्राइम, यातायात नियम सहित अन्य कानून संबंधी जानकारी छात्राओं को दी गई। कार्यक्रम में महिला और यातायात पुलिस ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्य अतिथि ने कहा कि लड़का-लड़की में भेदभाव करना कानूनन अपराध है। हम सभी को मासूम बेटियों के भविष्य पर ध्यान देना होगा। स्कूल-कॉलेजों के आसपास एंटी रोमियो स्क्वाएड बेटियों की सुरक्षा में लगाया गया है। बेटियों को खुद शिक्षित व मजबूत बनना होगा। वह निडर व भयमुक्त होकर बुराइयों से लड़ें। उत्तर प्रदेश सरकार की महिला हेल्पलाइन 1090 से आरोपियों पर शिकंजा कसने का काम हो रहा है।

यातायात नियम का पालन करना सबको जरूरी है। इससे हम खुद और दूसरे को भी सुरक्षित रखते हैं। इस बात की जानकारी पुलिस की पाठशाला और अपराजिता कार्यक्रम में यातायात निरीक्षक सुधीर त्रिपाठी ने दी। यातायात नियमों की जानकारी देते हुए दुर्घटना से बचाव के उपाय बताए। कहा कि यातायात पुलिस जनता की सेवा में हमेशा तत्पर है। बाइक चलाते वक्त कागजात लेना न भूलें। बिना हेलमेट के बाइक न चलाएं। यातायात पुलिस कर्मियों का सहयोग करें। दो पहिया वाहन पर तीन सवारी कतई न चलें।

पुलिस अधीक्षक चंद्र प्रकाश शुक्ला ने कहा कि नारी का सशक्त और सबल होना जरूरी है। पहले समाज बेटियों को लेकर गंभीर नहीं था। अब बेटियों को पढ़ाने और आगे बढ़ाने की दिशा में सोच तेजी से बदली है। बेटियों के उत्थान पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने इन्हें अपराजिता बनाने पर बल दिया। उन्होंने बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस की मदद लेने को कहा। पूरे प्रदेश में 24 घंटे सेवा उपलब्ध है। छात्राओं से अपील की कि वह समाज की बुराइयों को खत्म करने तथा निर्भय होकर उसका सामना करने का साहस अपने अंदर पैदा करें। अपराजिता के तहत पुलिस की पाठशाला जैसे कार्यक्रम को एक अभियान के रूप में चला कर ‘अमर उजाला’ ने सराहनीय कदम उठाया है। अखबार का साथ इसी तरह मिलता रहा तो छात्राओं को आगे बढ़ने में काफी मदद मिलेगी। इस दौरान राजकीय बालिका इंटर कॉलेज प्रधानाचार्या पद्मा पांडेय ने कहा कि ‘अमर उजाला’ का अपराजिता के तहत पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम बेटियों के अंदर साहस व जोश भर रहा है। इनके साथ भेदभाव करने से समाज का विकास नहीं हो सकता। हमें अपनी बेटियों को पराया समझने की जरूरत नहीं है। बेटियों को गर्भ में मारा जाना चिंतनीय है। ‘अमर उजाला’ का यह कार्यक्रम पूरे समाज को भी जागरूक कर रहा है। कार्यक्रम में मधु गुप्ता, जहांआरा, देवबाला, संज्ञा श्रीवास्तव, आरती सिंह, शुभ्रा नंदनी, मीनू सिंह, किरण प्रधान, सुधा सिंह के साथ ही महिला थानाध्यक्ष निधि गुप्ता और यातायात निरीक्षक सुधीर त्रिपाठी मौजूद रहे।

 

Share:

Related Articles:

0