00 खुद जागरूक होकर ही समाज को जागरूक कर सकती हैं बेटियां: डॉ. शहला जमाल
ग्रेटर नोएडा के शारदा विवि में आयोजित स्वास्थ्य जागरुकता शिविर में शामिल छात्राएं व स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ शहला जमाल।
  Start Date: 12 Feb 2019
  End Date: 12 Feb 2019
  Location: ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क स्थित शारदा विश्वविद्यालय के जनसंचार विभाग में अमर उजाला फाउंडेशन के अभियान 'अपराजिता- 100 स्माइल्स' के तहत मंगलवार, 12 फरवरी, 2019 को छात्राओं के लिए स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शहला जमाल ने उन्हें स्वास्थ्य से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने छात्राओं से स्वास्थ्य के प्रति स्वयं जागरूक होकर समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

डॉ. शहला जमाल ने छात्राओं को पौष्टिक आहार की अहमियत बताई, साथ ही उन्होंने बताया कि शारीरिक संरचना के कारण महिलाओं को अधिक पोषण वाले आहार की जरूरत पड़ती है। अक्सर छात्राओं में हीमोग्लोबिन की कमी बनी रहती है। इसके लिए संतुलित और पौष्टिक आहार लेना जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से किसी भी तरह के मानसिक और शारीरिक शोषण का प्रतिरोध करने की बात कही। वहीं, साथ पढ़ने वाले और आसपास रहने वाले लड़कों को भी इसके लिए जागरूक करने पर बल दिया।

लगभग डेढ़ घंटे तक चले जागरूकता शिविर के दौरान स्त्री रोग विशेषज्ञ ने छात्राओं को मासिक चक्र बदलाव के बारे में जानकारी दी और स्वच्छता के उपाय अपनाने पर बल दिया। इससे कैंसर समेत कई तरह की घातक बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने सुरक्षित यौन संबंधों के बारे में भी जानकारी दी। इससे कई जानलेवा बीमारियों से दूर रहा जा सकता है।

लड़कियों में अक्सर पोषण की कमी हो जाती है। डॉ. शहला जमाल ने हमें स्वच्छता से बीमारियों से बचाव आदि की जानकारियां दीं। इससे छात्राओं को काफी फायदा मिला है। - शेल्डन, जनसंचार विभाग की छात्रा

अमर उजाला के अपराजिता अभियान के इस शिविर में मिली जानकारी से हम जनसंचार विभाग की छात्राएं भविष्य में समाज के एक बड़े वर्ग को जागरूक कर सकेंगी। - मेघा, जनसंचार विभाग की छात्रा

स्वास्थ्य जागरूकता शिविर में कई तरह की जानकारियां मिली हैं, जो हमारे लिए बहुत ही महत्वपूर्ण साबित होंगी। इस तरह की कार्यशाला होती रहनी चाहिए। - सागरिका, जनसंचार विभाग की छात्रा

Share:

Related Articles:

0