00 शामली के सिल्वर बेल्स स्कूल में हुई पुलिस की पाठशाला।
शामली के सिल्वर बेल्स स्कूल में आयोजित पुलिस की पाठशाला में बच्चों को जानकारी देते एसपी अजय कुमार
  Start Date: 07 Dec 2018
  End Date: 07 Dec 2018
  Location: शामली

अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से अपराजिता अभियान के तहत शुक्रवार, 7 दिसम्बर, 2018 को शामली के सिल्वर बेल्स स्कूल में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। पाठशाला में एसपी अजय कुमार एक शिक्षक की तरह छात्राओं से रूबरू हुए। कहा शरीर कितना भी मजबूत हो, लेकिन मन मजबूत होना बहुत जरूरी है।

एसपी ने कहा कि तन, मन, धन, ज्ञान और सम्मान, ये पांच चीजें इंसान के लिए जरूरी हैं। यह सब एक दूसरे से जुड़ी हैं। यदि आप शारीरिक रुप से मजबूत हैं और आपका मन कमजोर है तो अचानक सामने आए बदमाश से लड़ने की हिम्मत नहीं जुटा सकेंगी। यदि आपके पास खूब धन है और ज्ञान नहीं तो आप उस धन का सही उपयोग नहीं कर सकेंगी और एक दिन वो भी नष्ट हो जाएगा। उन्होंने अरुणिमा  का उदाहरण देकर बताया कि उसने विपरीत हालातों से गुजरकर दुनिया की सबसे ऊंची चोटी को छुआ। छात्राओं से कहा कि यदि उनके साथ कोई गलत हो रहा है तो अपने परिजन, शिक्षक या प्रधानाचार्या को जरूर बताना चाहिए।

एसपी ने कहा कि ऐसा कोई इंसान नहीं है जिससे गलती ना होती हो। गलती होने पर माफी मांग लेनी चाहिए, इससे इंसान छोटा नहीं होता। अक्सर देखा जाता है लोग अपनी गलती पर पर्दा डालने को गलती पर गलती करते जाते हैं जो बाद में उन्हें भारी पड़ती है। किसी ने आपकी मदद की है, उसे धन्यवाद जरूर दें।

एसपी ने छात्राओं को बताया कि ये जरूरी नहीं कि अच्छे और कान्वेंट स्कूल में पढ़कर ही ऊंचे पदों तक पहुंचा जा सकता है। वे एक किसान परिवार से हैं। उनके माता पिता भी ज्यादा पढ़ लिखे नहीं है। वे खुद एक सरकारी प्राइमरी स्कूल में पढ़े है। उन्होंने शुरू से ही मन बनाया था कि उन्हें बड़ा बनना है। सफलता मिली, आज आपके सामने हूं।

ताइक्वांडो कोच कोमल सिंह ने कहा कि आप चाहे जूडो कराटे, ताइक्वांडो कुछ भी सीख लो, जब तक मन मजबूत नहीं होगा सेल्फ डिफेंस नहीं कर सकती।

सेंट आरसी कान्वेंट की प्रधानाचार्य मीनू संगल ने कहा कि लड़कियों को अपने मन से झिझक दूर करनी होगी। यदि रास्ते में कोई परेशान करता है, कहीं कुछ भी गलत होता है तो अपने मम्मी पापा को जरूर बताएं। यदि वे ये बातें मन में ही रखेंगी तो आरोपियों को हौसला बढ़ जाता है। इसलिए जागरूक बनें और झिझक दूर करें।

छात्राओं के सवाल और एसपी के जवाब
सवाल - कक्षा नौ की श्रेया ने पूछा अक्सर देख गया है कि लड़की के साथ गलत होता है। रिपोर्ट होती है। माता पिता समझौता कर लेते हैं।
एसपी - अक्सर देखा गया है कि परिजन शिकायत नहीं करते या रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद भी परजिन समझौता कर लेते हैं। बेहतर है कि बेटी इतनी सशक्त बने कि कोई उसके साथ गलत करने की हिम्मत ना करे।

सवाल - कक्षा 11 की रितिका ने पूछा कि जब हमारे कम मार्क्स आते हैं। या फेल हो जाते हैं तो मन में बुरे विचार आते हैं।
एसपी - ये सभी के साथ होता है। मेेरे साथ भी कई बार हुआ। सकारात्मक सोच रखते हुए गलतियां पता करने का प्रयास किया। हर पंद्रह दिन में रिवीजन किया और अगली बार रिजल्ट बेहतर रहा।

सवाल - कक्षा 11 की स्वाति ने पूछा कि यदि कहीं सुनसान जगह में कोई हमारा पीछा करता है। या गलत करने की कोशिश करता है तो हम क्या करें।
एसपी - ऐसे में आपके मन की मजबूती, आत्मविश्वास और सेल्फ डिफेंस की क्षमता ही काम आएगी। आपके पास नाखून हैं दांत है। ये भी अपने बचाव में हथियार की तरह इस्तेमाल करो। आभास होते ही शोर मचा देना चाहिए।

सवाल - कक्षा 11 की तमन्ना ने पूछा कि रिश्तेदार ही लड़कियों के साथ गलत करते हैं। लेकिन लड़कियां कुछ नहीं कह पाती।
एसपी - लड़कियों के साथ घटनाओं में अक्सर रिश्तेदार या नजदीकी ही होते हैं। यदि किसी के साथ ऐसा है तो वो अपने माता पिता को बताएं। उन्हें दोस्त समझकर बात करें। यदि फिर भी घटना नहीं रुकती तो पुलिस के पास आएं।

Share:

Related Articles:

0